रोहड़ू विकास खंड में दूसरे चरण में 82.29 प्रतिशत मतदान दर्ज
. टिक्कर पंचायत में सबसे अधिक 82.55 प्रतिशत मतदान, अंटापू-बटाड़ी में सबसे कम 66.82 फीसदी मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार को रोहड़ू विकास खंड की विभिन्न पंचायतों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। विकास खंड में कुल 15,243 मतदाताओं में से 12,543 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल मतदान प्रतिशत 82.29 फीसदी दर्ज किया गया।
मतदान रिपोर्ट के अनुसार पुरुष मतदाताओं की संख्या 7,679 और महिला मतदाताओं की संख्या 7,564 रही। इनमें से 6,344 पुरुष और 6,199 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। विकास खंड की टिक्कर पंचायत में सर्वाधिक 82.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 2,866 मतदाताओं में से 2,366 लोगों ने मतदान किया। वहीं अंटापू-बटाड़ी पंचायत में सबसे कम 66.82 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 660 मतदाताओं में से 441 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कड़ीवन पंचायत में 86.75 प्रतिशत, खंगटेड़ी में 87.13 प्रतिशत, बारासली में 85.75 प्रतिशत तथा धरारा पंचायत में 85.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा समोली पंचायत में 83.76 प्रतिशत, भमनोली में 83.94 प्रतिशत और शील पंचायत में 82.03 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और लोगों ने लंबी कतारों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई थीं।