लोकगीत स्पर्धा में खुशदिल
कला मंच बागीपुल रहा प्रथम
निरमंड मेें लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
लोकगीत और नृत्य रहे मेले का मुख्य आकर्षण
विजेता प्रतिभागियों को मुख्यातिथि ने किया पुरस्कृत
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। भाषा एवं संस्कृति विभाग कुल्लू के सौजन्य से निरमंड में खंड स्तरीय लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पीएनबी से सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक जेआर प्रेमी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर लोकगीत स्पर्धा में खुशदिल कला मंच बागीपुल ने पहले स्थान पर बाजी मारी।
मुख्य अतिथि ने विजेता टीमों को नवाजा और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया। इस दौरान कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य और एकल गीत प्रतियोगिता में 25 टीमों ने अपना हुनर दिखाया। सभी प्रतिभागी टीमों ने अपनी लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पारंपरिक परिधान में कुल्लवी संस्कृति के प्राचीन लोकगीतों और नृत्य के द्वारा कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
लोकगीत में खुशदिल कला मंच बागीपुल ने पहले स्थान पर बाजी मारी। गौरी महिला मंडल निरमंड ने दूसरा स्थान और महिला मंडल नगेढ़ ने तीसरा स्थान हासिल किया। लोक नृत्य प्रतिस्पर्धा में महिला मंडल चाटी ने पहला, महिला मंडल तिंदर ने दूसरा और अल्टरनेटिव लर्निंग इंस्टीट्यूट ब्रौ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एकल गीत प्रतिस्पर्धा में पहला स्थान कांता देवी, दूसरा स्थान दुर्गा देवी और तीसरा स्थान बिट्टू ने हासिल किया। इस अवसर पर आयोजक मुकेश मेहरा, बीडीसी निरमंड पुष्पा देवी, लता मेहरा, जितेंद्र, तिलक, कौल राम, यशपाल, पद्म स्नेही, बालानंद और मक्खन सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।