मीलों दूर से पानी ढोने को मजबूर लोग
पंचायत पौड़िया के कई गांवों में गहराया जलसंकट
तीन किलोमीटर दूर से पानी की ढुलाई बनी आफत
अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल। ग्राम पंचायत पौड़िया के गांव सरांह, कोटी, धनग, क्यारटू के दर्जनों परिवारों को एक महीने से पेयजल सप्लाई नहीं मिल रही है। लोगों को पीने के लिए पानी तीन किलोमीटर दूर से ढोना पड़ रहा है।
ग्रामवासी पूर्व प्रधान राजेंद्र हिमटा, प्रकाश चंद, प्रमोद कुमार, सोहन लाल, शिव लाल, जय लाल, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार, देवेंद्र सिंह, प्रकाश चंद, श्याम लाल, सुख राम, केसर सिंह और पद्म सिंह आदि के अनुसार एक महीने से पेयजल लाइन ओइनल-सरांह में पानी नहीं आ रहा है। पूर्व प्रधान राजेंद्र हिमटा के अनुसार जब विभाग के कर्मचारी से इस संबंध में संपर्क किया जाता है तो वे आनाकानी करने लगते हैं। इसके बारे में कई बार विभाग के अधिकारियों को भी सूचित किया गया है। बावजूद इसके अभी तक समस्या हल नहीं हुई है। इस संबंध में आईपीएच के एसडीओ पीपी कलांटू ने कहा कि उनके पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। गांव में यदि पानी की समस्या है तो जल्दी ही उसे हल किया जाएगा।