सीवरेज योजना से एक भी घर नहीं जुड़ा
नपं कोटखाई में 2.81 करोड़ की योजना नौ साल से पूरी नहीं
चुनावी शोर में दब कर रह गई सीवरेज योजना
अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई (रोहड़ू)।
नगर पंचायत कोटखाई की सीवरेज योजना बीते नौ वर्षों से अधर में लटकी हुई है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन योजना से अभी तक एक भी घर नहीं जुड़ पाया है। अधर में लटकी कोटखाई नगर की सीवरेज लाइन चुनावी शोर में दब कर रह गई है। सीवरेज योजना के अभाव में स्थानीय लोगों को मुश्किल हो रही है। योजना का कार्य पूरा नहीं होने से लोगों में भारी रोष है।
नगर पंचायत कोटखाई में सीवरेज योजना का कार्य वर्ष 2008 में शुरू हुआ था। सीवरेज योजना का कार्य 2.81 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा था। नपं के सात वार्डों में सीवरेज लाइन बिछाने की योजना थी। लेकिन आज नौ वर्ष बीत जाने के बाद भी योजना अधर में लटकी हुई है। सीवरेज लाइन की सुविधा के अभाव में नपं में शौचालयों की संख्या बढ़ाना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों को अपने घरों के नीचे मल निकासी के लिए सेफ्टी टैंकों का निर्माण करना पड़ रहा है। लोगों को उम्मीद थी कि शीघ्र ही उन्हें मल निकासी योजना से जोड़ा जाएगा। लेकिन आज तक एक भी घर योजना से नहीं जुड़ सका है। स्थानीय निवासी अमित नंदा, राजकुमार शर्मा, पूर्व नपं अध्यक्ष सुंदर चौहान, विकास, अमित सूद, विक्की ने बताया कि कई वर्षों में योजना का कार्य अधर में लटका हुआ है। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी स्थानीय लोग योजना का लाभ नहीं उठा सके हैं।
नप ने 45 लाख दिए : शारदा
नगर पंचायत कोटखाई की अध्यक्ष शारदा वर्मा ने बताया कि नपं की ओर से उन्होंने 75 लाख रुपये सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को मल निकासी योजना के लिए दिए हैं, ताकि योजना का कार्य शीघ्र पूरा हो जाए। लेकिन योजना का कार्य अभी भी अधर में है।
काम होगा जल्द पूरा : हरमेश
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता हरमेश भाटिया ने बताया कि योजना का 80 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य भी शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। सभी घरों को योजना से जोड़ा जाएगा।