आधा दर्जन सड़कें खस्ताहाल, चलना मुश्किल
उभादेश क्षेत्र में सड़कों पर गड्ढों की भरमार, नहीं की जा रही पक्की
चुनावी मुद्दा
अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई (रोहड़ू)।
उभादेश क्षेत्र में खस्ताहाल सड़कें लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही हैं। क्षेत्र में खस्ताहाल सड़कें एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनी हुई हैं। सड़कों की दयनीय हालत के कारण लोगों को चलना मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा सेब सीजन में भी बागवानों को खस्ताहाल सड़काें से उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में काफी दिक्कत हुई। क्षेत्र की अधिकांश सड़कें कच्ची हैं, जिन्हें पक्का करने के लिए किसी ने कुछ नहीं किया।
उभादेश क्षेत्र के अंतर्गत सात पंचायतें आती हैं। इनमें बाघी, रतनाड़ी, कलबोग, नगान, क्यारवी, रामनगर, रावला क्यार शामिल हैं। सड़कों की दुर्दशा से क्षेत्र में करीब दस हजार से अधिक लोगों को परेशानी हो रही है। क्षेत्र को जोड़ने वाली गुम्मा-बाघी मुख्य सड़क की स्थिति बद से बदतर बनी हुई है। 25 किलोमीटर लंबी सड़क पर मैटलिंग उखड़ चुकी है। इसके अतिरिक्त मेल एक से मेल दो तक छह किलोमीटर लंबी सड़क की स्थिति भी दयनीय है। सड़क पूरी तरह से कच्ची है। पांच किलोमीटर सुंदरनगर सड़क भी पूरी तरह से कच्ची है। आठ किलोमीटर लंबी मेल-घाटीजुबड़-बाघी सड़क भी खस्ता हालत है। सड़क को पक्का नहीं किया गया। पांच किलोमीटर लंबी निहारीनाला सड़क भी पूरी तरह से कच्ची है। सड़काें को सुधारने के लिए मात्र आश्वासन मिलते रहे।
कई बार उठाई मांग
रतनाड़ी निवासी विनोद चौहान ने बताया कि मेल-घाटीजुबड़-बाघी सड़क को पक्का करने की मांग कई बार उठाई गई। लेकिन बीते पांच वर्षों में सड़क को पक्का करने के लिए कोई भी कदम नहीं उठाए गए। रखरखाव के अभाव में सड़क की स्थिति काफी खराब है।
सड़क पर गड्ढे
सपोयल गांव निवासी सुनील चौहान ने बताया कि क्षेत्र की मुख्य सड़क गुम्मा-बाघी भी उखड़ चुकी है। सड़क पर गड्ढे पड़ गए हैं। सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा है। मार्ग पर तितरी क्यार में पुल की दशा भी काफी खराब है।
आश्वासन ही मिले
मेल गांव निवासी सुनील डोगरा ने बताया कि मेल गांव को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह से कच्ची है। सड़कों को पक्का करने के आश्वासन बहुत मिले। लेकिन सड़क को पक्का करने का कार्य आश्वासनों तक ही सीमित रह गया है।
सड़कें नहीं की गई पक्की
सलकारी गांव निवासी ज्ञान सिंह ने बताया कि निहारी नाला सड़क की दशा भी काफी खराब है। कच्ची सड़क को पक्का नहीं किया जा रहा है। सड़क को पक्का करने के नाम पर मात्र आश्वासन ही मिले हैं।
सीजन में हुई मुश्किल
सुंदनगर निवासी शिशुपाल ने बताया कि सुंदरनगर सड़क की हालत बहुत खराब है। सीजन के समय सड़क पर ट्रैक्टरों से सेब की पेटियां ढोनी पड़ी। सड़क को ठीक करने की मांग कई बार उठाई। लेकिन मांग को पूरा नहीं किया गया।
मार्च तक सुधरेंगी सड़कें : विभाग
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नितिन ठाकुर ने बताया कि मार्च तक मुख्य मार्ग सहित सभी सड़कों की दशा को सुधारा जाएगा।
विकास कागजों तक सीमित : बरागटा
पूर्व बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा ने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई में सभी सड़कों की खस्ता हालत है। कांग्रेस का विकास मात्र कागजों तक सीमित रहा है। उन्होंने बताया कि सत्ता में आने के बाद सभी ग्रामीण सड़कों को पक्का करने का कार्य किया जाएगा।
हाल ही में बनी सड़कें : रमेश
कांग्रेस मंडल जुब्बल-कोटखाई के अध्यक्ष रमेश चौहान ने बताया कि सड़कों के लिए कांग्रेस ने काफी बजट लाया है। जो सड़कें कच्ची हैं, वे अभी हाल में ही बनी हैं। गुम्मा-बाघी सड़क पर मैटलिंग की गई है।