रोहड़ू बाजार में सरकार के खिलाफ लगे नारे
ठियोग-खड़ा पत्थर रोहड़ू सड़क बहाल नहीं होने पर खोला मोर्चा
पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की
मुख्यमंत्री और विधायक बरागटा का पुतला नहीं फूंक पाई युकां
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। छह दिन से बंद ठियोग-खड़ा पत्थर रोहड़ू सड़क बहाल नहीं किए जाने के विरोध में रोहड़ू युवा कांग्रेस ने बाजार में प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। युकां ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा का पुतला फूंकने का प्रयास किया गया। इस दौरान युवा कांग्रेस और पुलिस के बीच झड़प हुई। इसमें पुलिस ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से दोनों पुतले छीन लिए।
युवा कांग्रेस की रोहड़ू बाजार के चौक पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और विधायक नरेंद्र बरागटा का पुतला फूंके जाने की योजना थी। लेकिन पुलिस ने उनके प्रयासों को असफल बना दिया। उसके बाद युवा कांग्रेस ने पुलिस व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान धक्कामुक्की भी हुई। युवा कांग्रेस ने उसके बाद कागज जला कर चौक पर नारेबाजी की।
युवा कांग्रेस रोहडू के अध्यक्ष सुजय अग्रवाल ने कहा कि दो दिन पहले 48 घंटे में प्रदेश सरकार को इस सड़क को खोलने का समय दिया था। सरकार बंद सड़क को खोलने में नाकाम साबित हुई है। पुतला फुंकते समय सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाकर पुलिस को आगे किया और कार्यकर्ताओं के साथ धक्कामुक्की की। अभी भी इस सड़क के जल्द बहाल होने के कोई आसार नहीं हैं। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता विजय चौहान ने कहा कि अगले 48 घंटे में अगर सड़क वाहनों के लिए नहीं खोली गई तो प्रदेश स्तरीय आंदोलन जुब्बल में किया जाएगा। इस दौरान रविंद्र सिंह, चिरंजीव ठाकुर, विरेंद्र नेगी, रणजीत घेदटा, वनीत मेहता, रवि रावत, जीवन ठाकुर, डैनी मच्छान, अनिल ठाकुर, विनोद ठाकुर, कैलाश मेहता, जय प्रकाश, रविंद्र लुखियान, दिनेश गोट्टा, अशोक डंडा, रजनीश ठाकुर, विजेय दिवांटा, अभिषेक ठाकुर, तिलक, दीपक माँजता, बबलू आदि दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।