कंछीण-घोड़ी वैली की समस्याओं
को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
पीजी कॉलेज मैदान से लेकर एसडीएम कार्यालय तक निकाली रैली
चेताया, 15 दिन में नहीं सुलझी समस्या तो करेंगे चक्का जाम
मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित है 12 पंचायतों की आबादी
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल के कंछीण घोड़ी वैली के तहत आने वाली 12 पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों और क्षेत्र में चरमराई मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया है। इन्हीं मुद्दों और समस्याओं को लेकर वीरवार को ग्रामीणों ने पीजी कॉलेज मैदान से लेकर एसडीएम कार्यालय रामपुर तक रोष रैली निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पंचायत प्रधान विरेंद्र भलूनी की अगुवाई में ग्रामीणों ने एसडीएम रामपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा। ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि 15 दिन में समस्याओं के निवारण को लेकर कोई पहल नहीं की जाती तो रामपुर में चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा।
मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र के पीएचसी बाहली में 2 डॉक्टर, एक स्टाफ नर्स, 2 फार्मासिस्ट, एक लैब तकनीशियन, लिपिक और चपरासी सहित उप स्वास्थ्य केंद्र पलजारा में स्वास्थ्य कर्मचारी का पद बीते छह वर्ष से रिक्त पड़ा है। क्षेत्र के लिए 108 एंबुलेंस सेवा भी नहीं चल रही, जिस कारण लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
इस मौके पर पंचायत समिति उपाध्यक्ष बहादुर सिंह भलूनी, त्रिलोक भलूनी, सोनू भलूनी, कुलदीप नेगी, नीलम शर्मा, जतिन मेहता, कंवर सिंह, पवन, राजेश, आशा देवी, दलीप कुमार, गुलाब सिंह, उप प्रधान सुरेंद्र कुमार, पूजा देवी, जय प्रकाश, सार चंद, राजकुमार, राज नेगी, सुषमा देवी, दीपा देवी, इंद्रा देवी, ललिता, सुनैना, प्रभा देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहली में प्रधानाचार्य के साथ-साथ गणित, अर्थशास्त्र, कॉमर्स के प्रवक्ता, टीजीटी मेडिकल, नॉन मेडिकल, अधीक्षक, वरिष्ठ सहायक, राजकीय उच्च पाठशाला पलजारा में मुख्य अध्यापक, टीजीटी कला, मेडिकल, नॉन मेडिकल, शास्त्री, कला अध्यापक, शारीरिक शिक्षक और क्लर्क, केंद्रीय मुख्य पाठशाला बाहली में जेबीटी के दो पद, प्राथमिक पाठशाला नेहरा में एक, प्राथमिक पाठशाला पलजारा में एक और पेई पाठशाला में एक जेबीटी का पद रिक्त पड़ा है। बाहली पशु चिकित्सालय में डॉक्टर और सीनियर वेटरनेरी फार्मासिस्ट का एक-एक पद, पशु औषधालय पलजारा में वेटरनेरी फार्मासिस्ट का एक पद और दुग्ध उत्पादकों को दूध के दाम 30 देने की मांग की। ग्रामीणों ने बाल्टीधार से सुंगरी, नेहरा से पलजारा, बाहली रेस्ट हाउस से बाहली गांव, ब्रांदली से भद्राश और पलजारा से गिंछा शिंगराल सड़क को दुरुस्त करने का मुद्दा भी उठाया। क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था में सुधार करने, रामपुर से वाया बाहली हरिद्वार के लिए बस सेवा चलाने, बागवानी विभाग की ओर से पीपी केंद्र से दवाइयां वितरित करने और बाहली पटवार वृत्त में नियमित पटवारी की तैनाती की मांग की है।