रामपुर नप के कई वार्डों
में पानी की सप्लाई ठप
हल्की बारिश ने खोली आईपीएच विभाग की पोल
एक सप्ताह से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं लोग
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। बारिश के कारण इलाके में पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। बरसात के चलते आईपीएच विभाग की करोड़ों रुपये की पेयजल योजना हांफ गई है, जिस कारण नगर परिषद रामपुर के कई इलाकों में पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है। बीते एक सप्ताह से कई इलाकों में पानी नहीं आ रहा है और लोगों को टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। नगर परिषद रामपुर के कई वार्डों में बीते एक सप्ताह से पेयजल संकट की समस्या बनी हुई है। आईपीएच विभाग के अनुसार पेयजल स्रोतों में गाद आने के कारण सप्लाई प्रभावित हुई है। रामपुर नगर परिषद के वार्ड कल्याणपुर और डकोलढ़ सहित अन्य वार्डों के लोग एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति को तरस गए हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में अधिक बरसात होने के कारण जलस्रोतों में काफी मात्रा में गाद आ रही है, जिसके कारण सप्लाई प्रभावित हो रही है।
इस संबंध में क्षेत्र के ललित कुमार, अनिल, सतीश कुमार, नागेंद्र, उदय कुमार, रीतिका, तनवीर, सुरेश कुमार, सुभाष और अनु कुमार सहित अन्य लोगों के अनुसार एक सप्ताह से पानी की सप्लाई ठप होने के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्वच्छ पेयजल आपूर्ति करने के लिए आईपीएच विभाग हाइटेक फिल्टर बेड का निर्माण नहीं कर पाया है। विभाग आज भी रेत वाले फिल्टर बेड का इस्तेमाल कर रहा है। इस फिल्टर बेड में कम मात्रा में मिट्टी वाला पानी साफ हो पाता है। लोगों ने आईपीएच विभाग से जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। वहीं इस संबंध में आईपीएच विभाग रामपुर के एसडीओ किशोर शर्मा के अनुसार सिल्ट बढ़ने के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।