रामपुर बुशहर। चार जिलों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाले खनेरी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों को अब एंबुलेंस के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। प्रदेश सरकार के आदेशानुसार प्रशासन ने गृहरक्षक विभाग और परिवहन निगम के चालकों को 108 और 102 एंबुलेंस चलाने के लिए तैनात कर दिया है। प्रशासन की ओर से इस तरह की सुविधा मिलने से अब लोगों को एंबुलेंस न मिलने की कोई परेशानी नहीं होगी।
गौरतलब है कि पिछले दो दिन से खनेरी अस्पताल में 102 और 108 ऐंबुलेंस सेवा ठप होने से लोग काफी परेशान रहे और दिन भर मरीज एंबुलेंस के लिए भटकते रहे। वहीं, गर्भवती महिलाएं अपने खर्चे पर घर पहुंचीं। इतना ही नहीं, कई गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए 102 एंबुलेंस सेवा की मांग होती रही लेकिन उन्हें यह सुविधा नहीं मिली। 108 एंबुलेंस सेवाओं की सुविधा दर्जनों लोग लेते हैं। बिना सूचित किए इस तरह की हड़ताल होने से दो दिन लोग काफी परेशान रहे। गृहरक्षक और एचआरटीसी के चालकों को एंबुलेंस चलाने की अनुमति मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। एसडीएम रामपुर नरेश चौहान ने बताया कि 102 और 108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल पर जाने से दो दिन तक लोगों को परेशान होना पड़ा था। लेकिन अब प्रशासन ने 102 और 108 एंबुलेंस वाहनों को चलाने के लिए गृहरक्षक और एचआरटीसी के चालकों को तैनात कर दिया है, जिससे लोगों को एंबुलेंस की सुविधा मिल सके।