चौपाल की ग्राम पंचायत बमटा में पेड़ से बंधा बिजली तार।
- फोटो : अमर उजाला
चौपाल (शिमला)। उपमंडल चौपाल की ग्राम पंचायत बमटा और पौड़िया के अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के तार सेब बगीचों और हरे वृक्षों के बीच से गुजर रहे हैं। कुछ तार पेड़ों से बंधे होने से यहां हर समय खतरा बना हुआ है। बिजली बोर्ड के अड़ियल रवैये के चलते क्षेत्र की जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्राम पंचायत बमटा के ग्राम नार, बढ़ारा, टापरी, बजरोठ, ग्राम पंचायत पौड़िया के ग्राम क्यारनू, डौर रानवी में बिजली तार खंभों से नहीं बल्कि पेड़ों की टहनियों से बंधे हैं। क्षेत्रवासियों ने बिजली बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बारिश के दिनों में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हालत यह है कि बागवान अपने बगीचों में स्प्रे तक नहीं कर पा रहे हैं। ग्राम पंचायत पौड़िया की प्रधान सुरजा चौहान, उप प्रधान रामलाल थोपटा, प्रकाश चंद, रोशन लाल, अतर सिंह, भागमल नेगी, मोहन लाल, केदार भागटा, रविंद्र सिंह, दिगेंद्र मोहन शर्मा, प्रताप सिंह, रविंद्र नाथ, सुखराम, भोपिंद्र सिंह, सुरेश नेगी, मंगतराम, मोहर सिंह और अन्य लोगों ने कहा कि बिजली बोर्ड को कई बार सूचित किया गया है, लेकिन कोई गौर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि अतिशीघ्र बिजली के तारों को व्यवस्थित तरीके से लगाया जाए अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उधर, सहायक अधिशासी अभियंता विनीत राणा ने कहा कि खंभों की आपूर्ति होते ही समस्या को दूर कर दिया जाएगा।