अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)।
लॉटरी लगने के नाम पर आनी के युवक से 31000 रुपये की ठगी हो गई। आनी के जाओं निवासी रिंकू ने बताया हाल ही में फर्जी कॉल आई कि उसकी 14 लाख की लाटरी लगी है। वह जल्द से जल्द अपना क्लेम करें, अन्यथा उसकी तिथि समाप्त हो जाएगी। रिंकू पहले दो से तीन दिन तक लगातार उनके संपर्क में रहा। शातिरों को जब लगा कि वह उनके झांसे में आ गया तो उन्होंने रिंकू से लॉटरी को क्लेम करने के लिए 31000 रुपये की मांग की।
कहा कि 31 हजार की राशि विदेश से पैसा ट्रांसफर करने का शुल्क है। रिंकू भी शातिरों के झांसे में आ गया और अपने खाते से 31000 रुपये शातिरों के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद रिंकू लॉटरी आने का इंतजार करने लगा। रिंकू ने बताया कि बाद में उसे फिर से फोन आया। फोन पर कहा कि राशि कुछ कम पड़ गई है। उसे आठ हजार रुपये और भेजने होंगे। अगर ऐसा नहीं किया तो लॉटरी के रुपये ट्रांसफर नहीं होंगे। रिंकू ने आठ हजार रुपये ट्रांसफर नहीं किए। इसके बाद फोन नंबर बंद हो गया। इसके बाद रिंकू ने फिर फोन आने वाले नंबर पर कॉल की। लेकिन नंबर नहीं लगा। इसके बाद रिंकू को समझ आया कि उसके साथ ठगी हो गई है। रिंकू ने कहा कि जल्द पुलिस में मामला दर्ज करवाया जाएगा। उधर, एसएचओ आनी भाग सिंह ने बताया कि फिलहाल ऐसा कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। किसी भी व्यक्ति को अगर कोई इस तरह की कॉल आती है तो सावधान रहे। किसी को भी अपना ओटीपी या किसी भी खाते में इस तरह के रुपये ट्रांसफर न करें। इस तरह के फोन से सतर्क रहें।