अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी में विशेषज्ञ चिकित्सकों के कई पद खाली होने पर ब्लॉक महिला कांग्रेस रामपुर ने रोष जताया है। ब्लॉक महिला कांग्रेस रामपुर अध्यक्ष सत्याभूषण की अध्यक्षता में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसडीएम नरेश चौहान की माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि अस्पताल में कई चिकित्सकों का तबादला हो गया है। यहां पर 30 में से मात्र 15 चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। इससे रामपुर, किन्नौर, मंडी, कुल्लू और स्पति क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कांग्रेस सरकार के समय अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ को छोड़कर सभी विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात होने से लोगों को कोई परेशानी नहीं थी। लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही कई विशेषज्ञ चिकित्सकों का तबादला कर दिया है। भाजपा सरकार ने इन तीन महीने में खनेरी अस्पताल से चर्म रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, ओटी ऑपरेटर, ईएनटी और अन्य चिकित्सकों का तबादला कर दिया है। महिला कांग्रेस ने प्रदेश सरकार सेे मांग की है जल्द से जल्द खनेरी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के खाली पदों को भरा जाए। इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्या भूषण, शिमला ग्रामीण महासचिव इंदू वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव सरोजनी ठाकुर, पूर्व जिला परिषद शिमला अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, पदमा, संयोक्ता गोस्वामी, सीमा गुप्ता, चूड़ामणि, पूजा, विद्योतमा, रेखा, मीना कुमारी, मीना, पुष्पा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।