अंडर-14 क्रिकेट में दमखम दिखाएंगे आनी के बच्चे
हाल ही में हुए ट्रायल के दौरान टीम में हुआ चयन
अकादमी में क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे खिलाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)।
एचपीसीए की कुल्लू जिला क्रिकेट अकादमी से संबंध आनी क्रिकेट अकादमी के छह बच्चे इन दिनों कुल्लू के ढालपुर मैदान में ट्रेनिंग सेशन में पसीना बहा रहे हैं। इन छह बच्चों का चयन हाल ही में हुए ट्रायल के बाद अंडर-14 जिला क्रिकेट टीम के लिए हुआ है।
आनी क्रिकेट अकादमी के कोच प्रेम पॉल ने बताया कि एक अप्रैल को जिला स्तरीय टीम के लिए हुए ट्रायल में आधा दर्जन बच्चे आनी से कुल्लू गए थे। इनमें धैर्य सूद और जयंत ठाकुर का मीडियम फास्ट बॉलर्स और सूर्यांश गुप्ता का ऑफ स्पिनर के रूप में जिला टीम में चयन हुआ है, जबकि इससे तीन दिन पहले भी कुल्लू में ही हुए ट्रायल में पांच बच्चों का चयन हुआ था। इनमें से दो किसी कारणवश ट्रेनिंग सेशन और टीम सेलेक्शन के लिए नहीं पहुंच सके। क्षेत्र के देवेश जोशी, राहुल ठाकुर और गौरव भी कुल्लू में ही पसीना बहाकर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। कोच प्रेमपाल का कहना है कि आनी क्रिकेट अकादमी के अस्तित्व में आने के कुछ सालों में ही केडीसीए प्रबंधन की अनुकंपा से और बच्चों के अंदर छुपी प्रतिभा के चलते कई खिलाड़ी चयनित हो चुके हैं। प्रेम पाल ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं की कमी के बावजूद आनी में बच्चे कड़ी मेहनत से अपना जौहर दिखाने को उतारू हैं।