आनी (कुल्लू)।
निरमंड मुख्यालय में वर्ष 2007 में आईटीआई खोला गया है। निरमंड क्षेत्र के अलावा अन्य क्षेत्र के प्रशिक्षु यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। निरमंड आईटीआई वर्ष 2007 से किराये के भवन में चल रहा है। आईटीआई भवन के किराये पर हर साल लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं। सरकार ने निरमंड में आईटीआई के लिए पांच करोड़ की लागत का भवन स्वीकृत किया है, जिसका टेंडर वर्ष 2015 में लोक निर्माण विभाग ने लगा दिया था।
लोक निर्माण विभाग निरमंड इस काम को अभी तक पूरा नहीं कर पाया है। विभाग मात्र 20 प्रतिशत काम ही कर पाया है। ऐसे में भवन बनने में कई साल लग सकते हैं। आउटर सिराज एसोसिएशन, युवा मंडल, शिक्षा सेवा समिति ने सरकार से मांग की है कि निरमंड में आईटीआई भवन एवं परिसर का निर्माण जल्द पूरा किया जाए। उधर, इस बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राहुल सूद ने कहा कि निरमंड आईटीआई भवन एवं परिसर का निर्माण कार्य जारी है। बजट के अनुसार कार्य प्रगति पर है। इसके लिए और बजट मांगा गया है। अगला कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।