रामपुर विकास खंड की रचोली पंचायत के गांव दर्शाई में वीरवार से ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पंचायत प्रधान लाल चंद ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 30 टीमें भाग ले रही हैं।
युवक मंडल दर्शाई के अध्यक्ष राजेश ने बताया कि युवक मंडल क्रिकेट प्रतियोगिता करवा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीम को 1100 रुपये पंजीकरण देना पड़ेगा। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 41000 रुपये और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 21000 रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। पंचायत प्रधान लाल चंद ने सभी खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया। कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में छुपी प्रतिभा को निखरने के लिए एक मंच मिलता है। इस मौके पर युवक मंडल उपाध्यक्ष मनोज चौहान, सचिव राहुल ठाकुर, देविंद्र भंडारी, बंटी हुड्डन सहित अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।