फोटो पहचान पत्र से वंचित वोटर कर सकेंगे मतदान
बूथ के बाहर लगेगी सूची, रामपुर विस क्षेत्र में होंगे 150 पोलिंग स्टेशन
मतदान को दिव्यांगों के लिए होगी व्हील चेयर सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
फोटो पहचान पत्र से वंचित मतदाता भी विधानसभा चुनावों में मतदान कर सकेंगे। इसके तहत सुविधा के लिए पोलिंग बूथ के बाहर सूची लगाई जाएगी। इसके लिए बीएलओ सेक्टर ऑफिसर, सुपरवाइजर को निर्देश दिए गए। रामपुर विधानसभा के निर्वाचन अधिकारी डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि दिव्यांगों को व्हील चेयर के माध्यम से पोलिंग बूथ तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की है।
80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए मतदान संबंधी भी विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिए 150 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों में जुनी, जाओ, ननखरी, रचोली, गोपालपुर को रखा गया है। इसके अलावा अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों में सात सुरक्षा कर्मचारी, कम संवेदनशील क्षेत्रों में पांच, संवेदनशील क्षेत्रों में दो कर्मचारी और सामान्य पोलिंग बूथ पर एक कर्मचारी को तैनात किया जाएगा। 75 प्रतिशत से अधिक मतदान होने वाले क्षेत्रों का भी चयन किया गया है। इनमें पलजारा, दलोग, दरकाली, धारला, रूनपू, दरकाली, नंती क्षेत्र भी शामिल हैं। इसके अलावा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पोलिंग स्टेशनों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ज्यूरी, झाखड़ी, रामपुर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। तीन और चार नवंबर को मतदाताओं के लिए मैराथन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।