नाबार्ड और जल जीवन मिशन के तहत बन रही योजना का 90 प्रतिशत कार्य पूरा
विज्ञापन
किसानों-बागवानों को सिंचाई की सुविधा भी मिलेगी
हितेश भारती
नित्थर( कुल्लू)। निरमंड और आनी खंड के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक बड़ी पेयजल योजना आकार ले चुकी है। जल शक्ति विभाग ने इस योजना का निर्माण करवाया है। पेयजल आपूर्ति योजना के तहत नित्थर, आनस, मोइन, राठी नाला और नागाचौह के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए चलाई जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना से 71 गांव के करीब 10,014 आबादी को स्वच्छ और नियमित पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। योजना को नाबार्ड और जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृति मिली है, जिससे क्षेत्र में जल संकट के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है। इस बहुस्तरीय परियोजना के लिए कुल 2479.24 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। इसमें नाबार्ड के तहत 1300.12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। एसजेवीएनएल ने 800 लाख रुपये का योगदान दिया है। इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन के अंतर्गत राठी नाला पेयजल योजना के रेट्रोफिटिंग कार्य के लिए 109.42 लाख रुपये शामिल किए गए हैं। वहीं, कुर्पण खड्ड से अनास और मोइन गांवों तक लिफ्ट योजना के लिए 269.70 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इन सभी योजनाओं को एकीकृत कर व्यापक पेयजल ढांचा विकसित किया जा रहा है। परियोजना के तहत कुर्पण खड्ड से जल स्रोत टैप कर 250 एमएम की ग्रेविटी मेन के माध्यम से 11,800 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके बाद चार चरणों में जल को लिफ्ट किया जाएगा। वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) के तीन चरणों का कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि चौथे चरण पर कार्य प्रगति पर है। योजना के तहत कुल 17 जल भंडारण टैंकों का निर्माण किया जा रहा है, जिनकी संयुक्त भंडारण क्षमता 1.9 एमएलडी है। इससे न केवल पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ होगी, बल्कि आनस और मोइन गांवों में 87.92 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा भी मिलेगी। योजना के पूर्ण होने पर निरमंड और आनी क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षों पुरानी जल समस्या से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।
71 गांव की करीब 10,014 आबादी को स्वच्छ और नियमित पेयजल सुविधा मुहैया करवाया जाएगा। इस योजना पर कार्य चल रहा है और जल्द बनकर तैयार होगी।विनोद ठाकुर, अधीक्षण अभियंता, जल शक्ति विभाग कुल्लू