पानी के टैंक में डूबने सेे
भालू के दो बच्चों की मौत
धारगौरा पंचायत के जरिंड गांव के टैंक में मृत पाए गए भालू
वन विभाग ने वन्य प्राणी मंडल सराहन को किया सूचित
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। धारगौरा पंचायत के जरिंड गांव के नजदीक पानी के टैंक में डूबने से भालू के दो बच्चों की मौत हो गई है। वन विभाग ने दोनों भालुओं को टैंक से बाहर निकालकर वन्य प्राणी मंडल सराहन को इसके बारे में सूचना दे दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रामपुर उपमंडल की धारगौर पंचायत के जरिंड गांव के साथ लगते एक पानी के टैंक में भालू के दो बच्चे मृत अवस्था में मिले। रविवार को पानी के टैंक के समीप से गुजर रही प्रवासी महिला मजदूर ने इन मृत भालुओं को देखा और ग्रामीणों को इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। गांव में खबर फैलने के बाद पंचायत सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पंचायत सदस्य ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के बीओ सोहन लाल और वन रक्षक सुनील अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद टैंक में डूबे भालुओं को बाहर निकाला।
आरओ सराहन हीरा लाल ने बताया कि भालू के दो बच्चों के पानी के टैंक में होने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद भालुओं को टैंक से बाहर निकाला। पुलिस और वन्य प्राणी मंडल सराहन को इस बारे सूचित कर दिया गया है।