अमर उजाला ब्यूरो
रोहडू। जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन 13 से 14 अक्तूबर को रोहड़ू के रामलीला मैदान में किया जा रहा है। रेडक्रॉस मेले में पहले विजेता को मारुति सलेरियो कार और दूसरे विजेता को मारुति 800 कार केवल 40 रुपये की टिकट पर मिलेगी। इसके अलावा स्कूटी, एलसीडी टेलिविजन, रेफ्रिजेटर सहित कई आकर्षक इनाम रखे गए हैं।
सोमवार को जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले की बैठक में तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक एसडीएम बीआर शर्मा की अध्यक्षता में की गई। इस दौरान सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों को जिम्मेवारियां सौंपी गईं। उन्होंने कहा कि लोगों के मनोरंजन के लिए दो दिन शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
इस दौरान यह तय किया गया कि रामलीला मैदान में रेडक्रॉस मेले के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। सोसायटी ने विभागों और पंचायत स्तर पर टिकटें बेचने का फैसला लिया है। टिकटों की बिक्री करने वालों को दस प्रतिशत कमीशन भी दी जाएगी। इसके अलावा, चिड़गांव, रोहड़ू और जुब्बल ब्लॉक कार्यालय तहसील कार्यालय में भी रेडक्रॉस की टिकटें उपलब्ध रहेंगी। रोहड़ू के बसस्टैंड पर भी टिकटों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। रेडक्रॉस मेले से होने वाली आय को जरूरतमंद लोगों की सहायता पर खर्च किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम देने वाले कलाकारों को केवल आने जाने व ठहरने का खर्च दिया जाएगा। जो चुनिंदा कलाकार इस मेले में अपनी प्रस्तुति देंगे उनको राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले में प्राथमिकता के आधार पर कार्यक्रम देने का मौका दिया जाएगा। मेले के दौरान दिन के समय खेलकूद गतिविधियों का आयोजन भी होगा। बैठक में डीएसपी अनिल शर्मा, नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष राधे श्याम, उपाध्यक्ष रंजना रेटका, भाजपा मंडल अध्यक्ष बलदेव रांटा, शशि रावत, भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्य प्रकाश शुक्ला, प्रदीप भ्रांटा और रोशन लाल बांष्टू सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।