युवा गायकों ने बिखेरा आवाज का जादू
सुर तरंग ऑडिशन कार्यक्रम का आयोजन
आनी (कुल्लू)। हिमालयन मॉडल स्कूल में संगम कला मंच कुल्लू के सौजन्य से सुर तरंग ऑडिशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पूर्व में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी रहे परस राम ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य महेंद्र ठाकुर ने की। संगम कला मंच के अध्यक्ष मनोज ठाकुर तथा संयोजक सरिता शर्मा ने बताया कि उपमंडल से प्रतिभाओं का चयन कर उन्हें जिला स्तर पर सेमीफाइनल और राष्ट्रीय स्तर पर ग्रैंड फिनाले नई दिल्ली में भाग लेने मौका मिलेगा। इसका शुभारंभ गुरुवार को आनी से किया गया है। दूसरा ऑडिशन 27 अगस्त को बंजार में होगा।
आनी में आयोजित ऑडिशन में एंकर की भूमिका साक्षी, कैमरामैन संजय कुमार व दलीप पठानिया और जज का दायित्व शेर सिंह कौशल और सरिता शर्मा ने बखूबी निभाया। कार्यक्रम में हिमालयन मॉडल स्कूल सहित विभिन्न स्कूलों विद्यार्थी कलाकारों ने और क्षेत्र के करीब 30 युवा गायकों ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। सचिन, प्रीति शर्मा, किशोर, रीतिका कौशल और अमर राठौर के अलावा कई अन्य कलाकारों ने ऑडिशन दिया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि परस राम ने आनी में इस आयोजन के लिए संगम कला मंच के प्रयासों की सराहना की और टीम को बधाई दी। इस मौके पर शेर सिंह कौशल, राजकुमार, शिवराज शर्मा, छविंद्र शर्मा, हरीकृष्ण शर्मा, संजय कुमार, साक्षी, राजेश शर्मा और गुलाब सहित अन्य लोग मौजूद रहे।