अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं सुधरने का नाम नहीं लेती हैं। एक ओर जहां अस्पताल में अल्ट्रासाउंड व्यवस्था ठप है, वहीं कुछ माह पहले ठीक होकर आईबायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन भी जवाब दे गई है। ऐसे में मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। मरीजों को निजी क्लीनिकों में अधिक पैसे खर्च कर टेस्ट करवाने को मजबूर होना पड़ रहा है। उनको निजी क्लीनिकों में लुटना पड़ रहा है।
बीते दो सप्ताह से खनेरी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं, शुगर के मरीजों, पेशाब टेस्ट करवाने वालों के साथ-साथ आरएफटी (रेनल फंक्शन टेस्ट) और एनएफटी (नॉन फंक्शनल टेस्ट) की सुविधा नहीं मिल रही। क्षेत्र के तिलक राज, रिंकू नेगी, जय सिंह, धर्मदास, जितेंद्र सिंह, चुन्नी लाल, मोहर सिंह, मीरा देवी, रक्षा देवी, सुभद्रा आदि का कहना है कि अस्पताल में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल रही हैं। उनको परेशानी होती है पर सुध लेने वाला कोई नहीं है। सरकार के बेहतर उपचार मुहैया करवाने की दावे फेल होते दिख रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से जल्द मशीन ठीक करवाने की मांग की है। खनेरी अस्पताल में तैनात डॉ. अहमद ने बताया कि इस मशीन खराब होने की उनको सूचना नहीं है। अगर ऐसा मामला है तो जल्द मशीन को ठीक कर दिया जाएगा