अमर उजाला ब्यूरो
सांगला(किन्नौर)।
रिकांगपिओ के साथ लगते सब्जी मोहल्ले में एक सप्ताह से बार-बार लग रहे विद्युत कटों का सिलसिला आम हो गया है। अघोषित कटों के कारण सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले लोगों सहित आम उपभोक्ताओं को खासी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
सर्दियों की शुरूआत होते ही किन्नौर जिले के उपभोक्ताओं को बिजली के अघोषित कटों की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। रिकांगपिओ के सब्जी मोहल्ले में लगातार लग रह अघोषित कटों से इन दिनों उपभोक्ताओं के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
सब्जी मोहल्ले के कर्ण लोक्टस, राजेंद्र लामा, दीपक नेगी, इंद्रा मेहता, आरती नेगी, सुदेश नेगी, राधे श्यामा नेगी, राजपाल नेगी, सुंदर भक्ति नेगी, रमेश ठाकुर, शकुंतला नेगी, माया नेगी, सोमेश ने कहा कि बीते एक सप्ताह से क्षेत्र में सुबह सात बजे से लेकर साढ़े नौ बजे तक लगातार बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं, जिसके चलते स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। जिला प्रशासन और विद्युत बोर्ड के आलाधिकारियों से समय रहते इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
इस बारे में विद्युत बोर्ड रिकांगपिओ के कनिष्ठ अभियंता रमेश नेगी ने कहा कि उन्हें इस समस्या के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यदि इस तरह की समस्या है तो उसे जल्द दूर किया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी न हो।