रामपुर बुशहर। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए रामपुर में ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने की। उन्होंने कहा कि रामपुर में 14 फरवरी को 5400 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। 0-5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए 128 टीमें गठित की गई हैं। पोलियो अभियान में 260 स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवाएं देंगे।
बीएमओ डॉ. आरके नेगी ने कहा कि सुंगरी और बधाल में बसों और अन्य वाहनों में सफर करने वाले 0 से 5 वर्ष की आयु के सभी बच्चों को पोलियो रोधक खुराक पिलाई जाएगी। वहीं, मजदूरों के बच्चों के लिए मोबाइल वैन के माध्यम से दवा पिलाई जाएगी।
यदि कोई बच्चा 14 फरवरी को पोलियो की खुराक पिलाने से छूट जाता है तो 15 और 16 फरवरी को घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे। एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने लोगों से आह्वान किया है कि 0 से 5 वर्ष के बच्चों को अपने नजदीकी केंद्र में पोलियो की खुराक पिलाने अवश्य लाएं। इस अवसर पर बीडीओ रामपुर कीमत राम कपूर, डॉ. पदम शर्मा और डॉ. सोमेश कटोच सहित अन्य मौजूद रहे।