नैंसी मिस और अंकुश बने मिस्टर ईशान
बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर बांधा समा
अमर उजाला ब्यूरो
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ईशान वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ठियोग में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के अध्यक्ष सतविंद्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान मिस ईशान का खिताब नैंसी वर्मा और मिस्टर ईशान का खिताब अंकुश चौहान को दिया गया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांधा। इस अवसर पर स्कूल के छात्रों की ओर से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए फेयरवेल पार्टी का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
वहीं इससे पूर्व स्कूल में तेगबहादुर का शहीदी दिवस भी मनाया, जिसमें शीतल ठाकुर और श्वेता शर्मा ने गुरु तेगबहादुर के जीवन पर प्रकाश डाला। कैसे उन्होंने समाज को मुगलों के अत्याचार से बचाया, इस पर भी विस्तार से छात्रों को जानकारी प्रदान की। निधि शर्मा और राधिका ने मंच का संचालन बखूबी किया और शायरी से श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी।
स्कूल प्रबंधन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शीतल ठाकुर, श्वेता शर्मा, निधि शर्मा, राधिका, सोनाली, अर्चना शर्मा, निखिल, रजत खाची और तुषार सहित अन्य विद्यार्थियों की पीठ थपथपाई। इसके अलावा सुजाता चंदेल और अर्चना शर्मा को भी जवाहर नवोदय विद्यालय में कविता पाठन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रीति हेटा, रंजना वर्मा, दिव्या कश्यप, योगिता कश्यप, प्रतिभा कंवर, रीता पांडेय, डिंपल खाची और सुषमा शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।