झिकनीपुल-क्यारनू-रानवी मार्ग उखड़ा
बारिश का सारा पानी सड़क पर बहने से पड़े गड्ढे
टेंडर प्रक्रिया पूरी, जल्द पक्की होगी सड़क : लोनिवि
अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल। उपमंडल चौपाल की ग्राम पंचायत पौडिया के तहत आने वाला झिकनीपुल-क्यारनू-रानवी मार्ग काफी खस्ताहाल हो गया है। क्षेत्र के लोगों में इस बात को लेकर खासा रोष है कि वे छह महीने से इस मार्ग को दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं, बावजूद इसके अभी तक इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया गया है। सेब सीजन जल्द ही आरंभ होने जा रहा है, अब भी इस सड़क को नहीं सुधारा गया तो बागवानों को काफी नुकसान झेलना होगा।
इस सड़क पर कोई कलवर्ट या पानी की निकासी के लिए नालियां नहीं बनी हैं मौजूदा समय में इस मार्ग पर एचआरटीसी की तीन बसें चल रही हैं। चालक जान को जोखिम में डाल कर बसें चला रहे हैं। बारिश होने पर सारा पानी सड़क पर बहता है, इसी कारण सड़क पर गड्ढे पड़ गए हैं। प्रधान ग्राम पंचायत पौड़िया सुरजा चौहान, उप प्रधान रामलाल थोपटा, पूर्व प्रधान राजेंद्र हिमटा, दिगेंद्र मोहन शर्मा, तपेंद्र शर्मा, मोहन लाल, प्रकाश हिमटा, नरेश, पंकज कुमार, रविंद्र पासवान और चंद्रेश्वर शर्मा के अनुसार उपरोक्त मार्ग को तुरंत दुरुस्त करने की मांग मुख्यमंत्री से भी की जा चुकी है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता योगेश शर्मा ने कहा कि इस मार्ग को पक्का करने के लिए टेंडर हो चुके हैं। काम शुरू किया जा रहा है, अब जल्द ही इस सड़क को पक्का किया जाएगा।