रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले चूहाबाग क्षेत्र में रविवार को एक ट्रक और कार की टक्कर हो गई। इस घटना में एक पुरुष और एक महिला घायल हो गए हैं। पुलिस ने कार चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का मुकद्दमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को ट्रक चालक राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह रविवार सुबह लोक निर्माण विभाग का ट्रक एचपी 06ए2860 लेकर नोगली से भावानगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह चूहाबाग पहुंचा तो खनेरी से रामपुर की ओर रही कार एचपी 06ए1083 अचानक उसके ट्रक से जा टकराई। इसके बाद इसकी सूचना रामपुर पुलिस को दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक विक्रम सिंह, पुत्र बंसी लाल, गांव कूहल के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने कहा कि ट्रक और कार की भिड़ंत होने से दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों का उपचार खनेरी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने कार चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।