30 को सरकार के खिलाफ
मोर्चा खोलेगी संघर्ष समिति
रामपुर बुशहर। उपमंडल के अस्पतालों, स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में लंबे समय से सुविधाएं चरमराई हुई हैं। सतलुज बेसिन संघर्ष समिति रामपुर के संयोजक दलीप कायथ ने कहा कि रामपुर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर 30 जुलाई को एक रैली निकालकर सरकार के प्रति विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि खनेरी अस्पताल में डिजिटल एक्स रे मशीन लगनी थी, परंतु अभी तक नहीं लगी। अस्पताल से 14-15 चिकित्सकों के तबादले और अधिकतर स्कूलों में लंबे समय से शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। सरकार और प्रशासन लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि आने वाले विधानसभा सत्र में नशे के खिलाफ पंजाब की तरह सख्त से सख्त कानून लागू करें जिससे इस नशे की चंगुल से फंसे युवाओं को बचाया जा सके। इस मौके पर समिति सह संयोजक एवं बीडीसी अध्यक्ष रामपुर राजेंद्र ठाकुर, जिला परिषद सराहन के सदस्य विकेश चौहान, नगर परिषद रामपुर के पार्षद विशेषर लाल, उपप्रधान लालसा तुला राम और पार्षद पंकज बराड़ मौजूद रहे।