अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
जिला स्तरीय फाग मेले के आयोजन को लेकर उपमंडलाधिकारी कार्यालय रामपुर में शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी डॉ. निपुण जिंदल की ओर से की गई। निर्णय लिया गया कि मेले के उपलक्ष्य पर 2 से 15 मार्च तक सभी बड़े वाहन वजीर बावड़ी होकर चलाए जाएंगे। एचआरटीसी, निजी बसें पुराने बस स्टैंड पर ही सवारियों को चढ़ाएगी और उतारेगी।
उपमंडलाधिकारी ने कहा कि इस बार देवताओं की नजराना राशि को भी दस से 15 फीसदी तक बढ़ाने का निर्णय बैठक में लिया गया है। मेले के लिए दुकानों के आवंटन के लिए तहसीलदार रामपुर की विशेष ड्यूटी लगाई है। इनका आवंटन 26 फरवरी को किया जाएगा और इनके दामों में भी दस फीसदी इजाफा किया गया है। एचआरटीसी को भी मेले के लिए अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान डीएसपी रामपुर देव कुमार नेगी, चिकित्सक डॉ. पदम शर्मा, नायब तहसीलदार जेसी नेगी, खाद्य आपूर्ति अधिकारी धनवीर ठाकुर, आरएम पूर्ण चंद डोगरा सहित कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।