अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर
एसडीएम रामपुर डॉ. निपुण जिंदल ने शुक्रवार को देवनगर पंचायत का दौरा किया। इस दौरान कहीं जगह वे संतुष्ट तो कहीं असंतुष्ट दिखे। उन्होंने देवनगर स्कूल का दौरा किया और भवन की हालत देखकर दंग रह गए। इस भवन में न तो हवा आने-जाने का उचित प्रबंध है और न ही दीवारों की हालत अच्छी थी। स्कूल में 46 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। भवन की दीवारों से मिट्टी पूरी तरह से उखड़ चुकी और जर्जर भवन में विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने का मजबूर हो रहे हैं।
पिछले दो सालों से निर्माणाधीन नए स्कूल भवन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र देवनगर में उन्होंने कई अनियमितताएं पाई। उन्होंने सीडीपीओ को मौके पर ही कमियों को दूर करने के निर्देश जारी किए। प्राथमिक स्कूल देवनगर के पठन पाठन कार्य से संतुष्ट और गणित विषय पर बल देने की बात कही। उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया और स्थानीय पटवारी को पंचायत का सारा रिकॉर्ड ठीक करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने नायरी सामुदायिक केंद्र से देवनगर तक विवादास्पद सड़क का भी दौरा किया।