रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। जिले में जहां शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 61 मामले सामने आए थे, वहीं शनिवार को जिले में 48 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जिले की कोठी पंचायत के वार्ड पांच में एक साथ 13 मामले सामने आने के बाद इस वार्ड को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
गौर हो कि शनिवार को किन्नौर जिले में कोविड 19 के 28 रोगियों ने दी कोरोना को मात दी। जिले में शनिवार को कुल 491 सैंपल लिए गए, जिनमें 48 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 430 हो गई है। पॉजिटिव आने वालों में कोठी, युवारंगी, पोवारी, रामनी, बरी, लाबरंग, लियो, रिब्बा, मूरंग, पूह, चांगो और जंगी के लोग शामिल हैं।
जिले में अब तक संक्रमण से 32 रोगियों की मौत हो चुकी है। वहीं, जिले की कोठी पंचायत में कोरोना संक्रमण के 13 मामले सामने आने के बाद पंचायत के वार्ड नंबर पांच को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए इस वार्ड में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। जिला निगरानी अधिकारी डॉ. कविराज नेगी ने बताया कि कोठी पंचायत में शनिवार को कोविड-19 के 124 सैंपल लिए गए, जिनमें एक ही गांव के 13 लोग शामिल हैं। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से गांव को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर दिया गया है और उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने जिले के लोगों से सतर्कता बरतने और कोविड नियमों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की है।