कबड्डी स्पर्धा में रेड हाउस ने बाजी मारी
आपीएस स्कूल नोगली में वार्षिक खेलों का आयोजन
अंकित सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक, अंकुश बने बेस्ट रेडर
अमर उजाला ब्यूरो
नोगली (रामपुर बुशहर)। रामपुर पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नोगली में वार्षिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. बीआर सक्सेना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। छात्र-छात्राओं ने स्पून रेस, लेगटाई रेस और जलेबी रेस सहित विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया। स्पर्धा में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। वहीं इंटर हाउस कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें फाइनल मुकाबले में रेड हाउस ने ब्लू हाउस को मात देकर बाजी मारी। अंकित मेहता को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक और अंकुश मेहता को बेस्ट रेडर के खिताब से नवाजा गया।
प्रधानाचार्य डॉ. बीआर सक्सेना ने कहा कि इस दौरान अभिभावकों के मध्य भी रस्साकशी स्पर्धा का आयोजन किया गया, जिसमें काफी मशक्कत के बाद कलना (नोगली) ने पहले स्थान पर बाजी मारी। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर स्कूल निदेशक कृष्ण ठाकुर, वरिष्ठ प्रशासिका शकुंतला ठाकुर, सनम चौहान, सपना चौहान, अंजना मेहता, समीक्षा ठाकुर, रक्षा, दीपिका और आशू रोल्टा मौजूद रहे।