हाटकोटी-शिमला मुख्य मार्ग पर हो रहा भूस्खलन
पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण खतरनाक हुआ सफर
मलबा हटाने के लिए विभाग की मशीनरी-मजदूर तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। हाटकोटी-शिमला मुख्य मार्ग पर बार-बार भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही लगातार बाधित हो रही है। दिन के समय भी पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण वाहनों में सफर खतरनाक बना हुआ है। मंगलवार को भी मार्ग बार-बार बाधित होता रहा।
बीते तीन दिनों से कोटखाई-खड़ापत्थर के बीच निहारी के पास बडवी में ठियोग हाटकोटी सड़क पर पहाड़ी से लगातार भूस्खलन जारी है। हालांकि मौके पर मलबा हटाने के लिए दिन-रात मशीनें तैनात की गईं। फिर में रूक-रूक कर वाहन चल रहे हैं। दूसरे दिन भी दोपहर बाद पहाड़ी से मलबा गिरने से सड़क के दोनों तरफ कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। शिमला आने जाने के लिए लोग टाहू व वाया नारकंडा मार्ग का विकल्प के तौर पर प्रयोग कर रहे हैं। परिवहन निगम की बसों को मुख्य मार्ग से चलाया जा रहा है। सड़क लंबे समय तक बाधित होने की स्थिति में लोगों को ट्रांसशिपमेंट किया जा रहा है। वाया टाहू वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण जगह-जगह पर तक सड़क पर जाम लग रहा है। कुछ लोग निजी वाहनों में शिमला जाने के लिए वाया नारकंडा सड़क का प्रयोग कर रहे हैं।
वहीं इस संबंध में स्टेट रोड प्रोजेक्ट के अधिशाषी अभियंता आरएस जस्वाल ने बताया कि मुख्य सड़क पर दिन रात मशीनें और कंपनी के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण बाधित हो रही सड़क को तुंरत बहाल किया जा रहा है। परिवहन निगम रोहडू डिपो के क्षेत्रिय प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि ठियोग-हाटकोटी-रोहड़ू सड़क पर निहारी में यदि लंबे समय तक बसें रुकी रहीं तो वहां पर ट्रांसशिपमेंट की व्यवस्था की गई है।