रामपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष
ज्ञान सिंह ने संभाला कार्यभार
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर ब्लॉक कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष ज्ञान सिंह मेहता ने मंगलवार को अपना कार्यभार संभाला। रामपुर ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान रामपुर क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से कार्यकर्ता पहुंचे और उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंदलाल विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में सर्वसहमति से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, शिमला ग्रामीण चुनाव क्षेत्र के विधायक विक्रमादित्य सिंह, स्थानीय विधायक नंदलाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष की ओर से ज्ञान सिंह मेहता को रामपुर ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त करने पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। यह जानकारी प्रवक्ता ब्लॉक कांग्रेस रामपुर अनिरुद्ध बिष्ट ने दी। अध्यक्ष ज्ञान सिंह मेहता ने बताया कि आगामी मासिक बैठक में 2019 लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की जाएगी। हाईकमान ने जो दायित्व उन्हें दिया है उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। इस मौके पर रामपुर ब्लॉक कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।