रिकांगपिओ (किन्नौर)। आधिकारिक रूप से यात्रा शुरू होने से पहले ही किन्नर कैलाश पर निकली महिला श्रद्धालु के बहने और सैकड़ों लोगों के फंसने के बाद जिला प्रशासन ने रविवार से यात्रा पर पूर्ण रोक लगा दी है। पुलिस तांगलिंग में कंट्रोल रूम स्थापित कर आगे जाने वाले श्रद्धालुओं को रोककर वापस भेज रही है। यहां लगाए गए लंगर भी बंद करवा दिए हैं। पहले यह यात्रा 1 अगस्त से शुरू होनी थी, लेकिन अब प्रशासन ने निर्णय लिया है कि मौसम को देखते हुए नई तिथि जारी की जाएगी। उसके बाद ही श्रद्धालुओं को आगे जाने की इजाजत दी जाएगी।
कार्यकारी उपायुक्त मेजर अवनिंद्र कुमार ने बताया कि प्रशासन ने जिला किन्नौर पुलिस की टीम का कंट्रोल रूम तांगलिंग गांव के समीप स्थापित कर दिया है। किन्नर कैलाश यात्रा के दौरान रास्तों में लगने वाले सभी लंगरों को भी बंद करवा दिया है। खराब मौसम के चलते किन्नर कैलाश यात्रा को स्थगित कर दिया है। जिला प्रशासन अधिकारिक तौर पर यात्रा शुरू करने की तिथि जल्द निर्धारित करेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा शुरू होने के बाद ही आएं। जिला किन्नौर के लोगों से भी मौसम के अनुसार ही घरों से बाहर निकलने और किसी भी प्रकार का जोखिम लेकर सफर न करने को कहा है। आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1077 या 01786-223151 से 55 तक पर दूरभाष के संपर्क कर सकते हैं।