अंबिका माता की पवित्र छड़ी
यात्रा श्रीखंड महादेव हुई रवाना
दशनामी अखाड़ा से तीन सौ साधु संत और सैकड़ों श्रद्धालु रवाना
अब तक पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं का हो चुका पंजीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
ब्रौ (रामपुर बुशहर)। भारत वर्ष की कठिन यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव यात्रा में सोमवार को अंबिका माता की पवित्र छड़ी यात्रा रवाना हुई। आनी विधानसभा के विधायक किशोरी लाल ने इस छड़ी यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह छड़ी यात्रा गुरुपूर्णिमा के दिन महादेव के दर्शन करेगी।
श्रीखंड महादेव की यात्रा में छड़ी का अपना एक अलग ही स्वरूप रहता है और यह पवित्र छड़ी गुरु पूर्णिमा के दिन महादेव के दर्शन कर शक्तियां अर्जित करती हैं। सोमवार तक श्रीखंड यात्रा में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया जा चुका है, 31 जुलाई तक चलने वाली इस यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है।
सोमवार को दशनामी अखाड़ा निरमंड के प्रमुख महंत अशोक गिरी के नेतृत्व में सैकड़ों साधु संतों सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोगों का जत्था श्रीखंड महादेव के दर्शन को रवाना हुआ। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और मंगलगीत गाकर महिलाओं ने इस पवित्र छड़ी को रवाना किया। भोलेनाथ के जयकारों से समूचा निरमंड गूंज उठा।
यह छड़ी 27 जुलाई को गुरु पूर्णिमा को विशेष पूजा-अर्चना कर महादेव के दर्शन करके 30 जुलाई को निरमंड पहुंचेगी। वहीं श्रीखंड छड़ी यात्रा एवं ग्राम सुधार समिति निरमंड के अध्यक्ष डीआर कश्यप ने बताया कि छड़ी यात्रा के दौरान 23 से 30 जुलाई तक निरमंड बस अड्डा में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक यात्रा को लेकर प्रशासन ने सभी प्रबंध किए हैं। विधायक किशोरी लाल सागर ने छड़ी यात्रा के दर्शन किए और तमाम लोगों को यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस संबंध में एसडीएम आनी चेत सिंह के अनुसार यात्रा में अब तक पांच हजार से अधिक श्रद्धालु श्रीखंड महादेव के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन ने शिवभक्तों की सुविधा के सभी इंतजाम किए हैं।