छेड़छाड़ का आरोपी शिक्षक निलंबित
बीईईओ सहित प्राथमिक, माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों को नोटिस
स्कूल में सातवीं की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला गरमाया
शिक्षा विभाग के ध्यान में मामला न लाने पर नोटिस जारी
अमर उजाला
ब्रौ (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना ब्रौ के तहत आने वाले स्कूल की एक छात्रा से की गई छेड़छाड़ का मामला गरमा गया है। मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं मामले की सूचना नहीं देने पर बीईईओ निरमंड सहित प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल के सभी शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाबतलब किया है। निलंबित शिक्षक का मुख्यालय निरमंड तय किया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी शिक्षक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 13 जुलाई तक न्यायिक हिरासत पर भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि माध्यमिक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने आरोप लगाया है कि भोजन अवकाश के समय शिक्षक ने उसके साथ अश्लील हरकतें करने की कोशिश की थी। छात्रा ने परिजनों के साथ ब्रौ थाना पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद ब्रौ पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने इस शिक्षक के खिलाफ भादंसं की धारा 354 ए और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
अब इस मामले के बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं मामले की सूचना जिला कुल्लू स्थित शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को नहीं दी गई, जिस पर प्राथमिक शिक्षा उप निदेशक ने कड़ा संज्ञान लेते हुए शिक्षकों की कार्यप्रणाली को गैर जिम्मेदाराना ठहराते हुए बीईईओ सहित मिडल और प्राथमिक स्कूल में तैनात शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाबतलबी की है।
प्राथमिक शिक्षा उप निदेशक कुल्लू कुलवंत पठानिया ने बताया कि छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस शिक्षक का मुख्यालय निरमंड तय किया गया है। इसके बारे में विभाग को सूचना न देने पर बीईईओ निरमंड, प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल के सभी शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाबतलबी की जाएगी। वहीं इस संबंध में डीएसपी आनी रोहित मृगपुरी ने बताया कि छात्रा के छेड़छाड़ करने वाले शिक्षक को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। आरोपी शिक्षक को 13 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।