अमर उजाला ब्यूरो
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
नगर परिषद का वार्ड नंबर पांच शहर के बीचोंबीच है। लेकिन शहर के बीच में बसे इस वार्ड के लोग नशेड़ियों से अधिक परेशान हैं। यहां माता भीमाकाली का मंदिर है। सुबह से शाम तक नशेड़ी मंडली बनाकर नशा करते हैं। इससे लोगों को यहां से आवाजाही करना दुश्वार हो गया है।
वार्ड नंबर पांच के निवासी अनिल ग्रोवर ने बताया कि इस बात को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को शिकायत की गई। पुलिस की रेड़ के बाद यहां पर कुछ समय के लिए स्थिति सामान्य हो जाती है। इसके बाद फिर वही आलम हो जाता है। स्थानीय प्रशासन से दिन में दो मर्तबा मंदिर परिसर में गश्त लगाने की मांग की है। पिछले करीब पांच वर्ष पहले लोक निर्माण विभाग का एक भवन जलकर राख हो गया था। इस भवन को आज तक नहीं बनाया गया है। वार्ड निवासी अंजना ने बताया कि यह वार्ड शाली बाजार से पूरी तरह जुड़ा हुआ है। बाजार में तहबाजारियों ने कब्जा जमा रखा है। अतिक्रमण से लोगों को आवाजाही करने में दिक्क्त हो रही है। कुलबंत ठाकुर ने बताया कि बाजार में बिजली के कटों से जनता परेशान है। आसमान में हल्के बादल और हवा का झोंका चलने से आते की बिजली गुल हो जाती है। वार्ड में सफाई की व्यवस्था कृष्णा गली में चरमरा गई है।
पुलिस की ली जाएगी मदद : ललिता
वार्ड की पार्षद ललिता शर्मा ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस की मदद ली जाएगी। लोनिवि के जले भवन के बारे में विभाग को बताया जाएगा। बिजली की परेशानी वार्ड में नहीं, बल्कि पूरे शहर में है। बिजली बोर्ड को सूचित किया जाएगा।