चौपाल।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धबास में विद्यार्थी खुले आसमान के नीचे पढ़ाई कर रहे हैं। ठंड में ठिठुरते हुए और गर्मी में पसीने से तर होकर पढ़ना छात्रों की मजबूरी हो गई है। बारिश हो जाए तो मतलब छुट्टी। ऐसे में छात्रों को बिना पढ़ाई कर भीगते हुए घर पहुंचना पड़ता है। स्कूल का भवन एक साल पहले आग से जल कर राख हो चुका है। सरकार की ओर से अभी तक स्कूल का भवन तैयार नहीं किया गया। इतना ही नहीं छात्रों की पढ़ाई के लिए किसी वैकल्पिक भवन तक की व्यवस्था नहीं है। स्कूल के पास दो कमरे ही हैं, जिसमें कार्यालय और साइंस लैब है।
स्कूल में ग्राम पंचायत धबास के दर्जनों गांवों से करीब 250 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। खुले आसमान के नीचे तपती धूप में पढ़ाई करनी पड़ रही। बारिश के दौरान तो छुट्टी करनी पड़ रही है। ग्राम धबास प्रधान भोपिंद्र ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य मंगत राम शर्मा, पूर्व प्रधान मोहर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता सुमित्रा त्यागी, सीता राम, सोहन सिंह, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों से इस बारे में पत्राचार किया जा चुका है। लेकिन अभी तक किसी ने स्कूल और छात्रों की सुध नहीं ली। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धबास में स्कूल भवन निर्माण के लिए विभाग को उचित निर्देश जारी करें। स्कूल के प्रधानाचार्य अश्वनी लोदटा ने कहा कि मामला सरकार के ध्यान में है। छात्रों के लिए छत की सुविधा नहीं है। बच्चों को खुले आसमान के नीचे पढ़ाई करनी पड़ रही है। उधर, विधायक बलवीर वर्मा ने कहा कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर दिया है। जल्द ही भवन का निर्माण कर दिया जाएगा।