आनी-रूना-जुंडवा सड़क उखड़ी
वाहन चालकों के साथ राहगीर भी झेल रहे परेशानी
डीपीआर मंजूर होते ही काम होगा शुरू : लोनिवि
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। उपमंडल के तहत आने वाली आनी-रूना-जुंडवा सड़क एक साल से खस्ताहाल बनी हुई है। मौजूदा समय में इस मार्ग पर सफर करना खतरे से कम नहीं है। क्षेत्र के लोगों में इस बात को लेकर खासा रोष है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारिओं से उक्त सड़क की हालत सुधारने की मांग कई बार की गई, बावजूद इसके अभी तक इस संबंध मेें विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया।
आनी-रूना-जुंडवा सड़क की हालत भारी बरसात के कारण बदतर हो गई है। गड्ढों में तबदील हुई सड़क में कलवर्ट और ड्रेनेज की व्यवस्था नहीं होने के कारण मार्ग जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। क्षेत्र के ग्रामीण एलआर अग्रवाल, संतोष कुमार, ताबे राम, नूरचंद, पप्पू, सोनू, बलदेव ठाकुर, संजू, गुलाब ठाकुर, सुरेंद्र कुमार, ओम प्रकाश, संजय कुमार, बिट्टू, अनिल और बबलू सहित अन्य ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग आनी और दलाश क्षेत्र के लोगों की सुविधाओं को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण है। रोजाना इस मार्ग से सैकड़ों वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। मार्ग की खस्ता हालत को सुधारने के लिए लोनिवि के अधिकारियों से कई बार मुद्दा उठाया गया, लेकिन विभाग इस संबंध में कोई कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क की हालत सुधारने की मांग की है।
वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग दलाश के एसडीओ अंशुल चौधरी ने बताया कि इस सड़क की दशा सुधारने के लिए साढ़े तीन करोड़ की डीपीआर तैयार कर मंजूरी के लिए भेजी है। मंजूरी मिलते ही सड़क को दुरूस्त करने का कार्य शुरू किया जाएगा। ग्रामीण सड़क पर कलवट का निर्माण करने नहीं दे रहे, जिस कारण बरसात का पानी सड़क में ही जमा हो जाता है।