छात्रा कन्या स्कूल रामपुर
को मिला साइंस ब्लॉक
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने किया ब्लॉक का लोकार्पण
मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को सराहा
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में दो करोड़ 11 लाख की लागत से निर्मित साइंस ब्लॉक भवन का लोकार्पण बुधवार को शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने किया। भवन के लोकार्पण के दौरान उन्होंने अपने साथ स्कूली छात्राओं को भी शामिल किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि इस विज्ञान भवन में भौतिक, रसायन और बॉटनी की प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा अनेक योजनाएं आरंभ की गई हैं। कन्या जन्म और लिंगानुपात के प्रति केंद्र और प्रदेश सरकार काफी सक्रिय है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना प्रदेश के लिए बेहद जरूरी योजना है। इस योजना के चलते देश बेटियों का परिवार में महत्व समझने लगा है और लोगों की मानसिकता में भी बदलाव आया है कि बेटियां हमारा धन हैं। इस योजना से बेटियां सुरक्षित भी रहेंगी और उनकी पढ़ाई भी अच्छे से होगी। वह समाज में अपनी पहचान बनाकर अपना जीवन सम्मान के साथ जी सकेंगी। उन्होंने महिलाओं से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य रत्नचंद गुप्ता ने स्कूल में खेल मैदान की सुविधा देने और साइंस ब्लॉक में फर्नीचर देने की मांग उठाई। शिक्षा मंत्री ने इन मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
वहीं इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम सिंह ध्रैक, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि भूषण श्याम, भाजपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य नीना शर्मा, श्याम लाल गुप्ता, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष बृज लाल, एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा राकेश विशिष्ट, ओएसडी डॉ. मामराज पुंडीर, प्रधानाचार्य रत्न चंद गुप्ता, प्राध्यापक पीपी दुल्टा, सहायक अभियंता लोक निर्माण पीडी कश्यप और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।