चौरा बैरियर में 13 को स्थापित होगी चौकी
उद्यान विभाग की सेब सीजन को लेकर बैठक आयोजित
बीते वर्ष की दर पर वसूला जाएगा माल भाड़ा : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। सेब के ढुलाई का माल भाड़ा निर्धारण और सड़कों के रखरखाव के संबंध में उद्यान विभाग जिला किन्नौर की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक उपायुक्त किन्नौर डॉ. अवनिंद्र कुमार ने की। इस अवसर पर उद्यान विभाग के निदेशक हेमचंद बताया कि जिले से बाहर ले जा रहे बक्सों की गणना के लिए उद्यान विभाग की ओर से चौरा बैरियर में उद्यान चौकी 13 अगस्त से स्थापित की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त किन्नौर ने सदस्यों को अवगत करवाया कि सेब सीजन से पहले जिला की सभी संपर्क सड़कों को समय रहते लोक निर्माण विभाग द्वारा दुरुस्त करवा दिया गया है। वहीं इस अवसर पर उपस्थित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इन संपर्क सड़कों पर यदि सेब सीजन के दौरान सेब की ढुलाई में कोई रुकावट आई है तो सड़क को तुरंत ठीक करवा दिया जाएगा। बैठक में उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को संपर्क मार्गों पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए, जिससे ट्रक चालकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात को सुचारु रूप से नियंत्रित किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि सेब सीजन में सेब की ढुलाई के लिए आने वालों वाहनों से वापसी में चौरा बैरियर पर बड़े वाहनों से 50 रुपये और छोटे वाहनों से 25 रुपये की दर से प्रति वाहन लिए जाएंगे और वाहन के ट्रक चालकों और कंडक्टरों की पहचान से संबंधित दस्तावेज लेकर उनको एक कार्ड जारी किया जाएगा। इस वर्ष भी पिछले वर्ष की ट्रक ढुलाई दरें लागू रहेंगी। बैठक में आकपा पुल की स्थिति को देखते हुए इस पर गुजरने वाले माल वाहनों का अधिकतम भार 10 से 12 टन प्रति वाहन निर्धारित किया गया है। बैठक में पवारी से पूह सड़क या इससे आगे जाने वाली सड़कों को ठीक रखने के लिए ग्रैफ को भी उपायुक्त द्वारा निर्देश जारी किए गए। इस मौके उपमंडल अधिकारी घनश्याम दास शर्मा, खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रण अधिकारी ईश्वर चंद्र, मोहिंद्र सिंह, कैप्टन अरूण सहित विभिन्न विभागों से आए अधिकारी मौजूद रहे।
किन्नौर में इस वर्ष होगा 64491 मीट्रिक टन सेब
इस वर्ष जिला किन्नौर में सेब की 64,491 मीट्रिक टन पैदावार अनुमानित है और 31,24, 550 बक्सों की आवश्यकता भी अनुमानित है। कल्पा खंड में 25,426 मीट्रिक टन सेब की पैदावार अनुमानित है, निचार खंड में 10,185 मीट्रिक टन और पूह खंड में 26,880 मीट्रिक टन सेब की पैदावार अनुमानित है।