स्टोन क्रेशर में रोड़ी और रेत
के वसूल रहे हैं मनमाने दाम
जिलाधीश ने जांच कर दाम तय करने के दिए सख्त निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल के च्वाई में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में जहां सड़क, बिजली और पानी सहित कई मुद्दे उठाए गए। उपमंडल में लगे स्टोन क्रेशर में मनमर्जी के दाम वसूलने का मुद्दा भी इस दौरान प्रमुखता से उठाया गया। जन शिकायत में कई लोगों की ओर से दायर सामूहिक शिकायत में छाउंटी स्थित निजी स्टोन क्रेशर में कुल्लू जिला की अपेक्षा अधिक दाम वसूलने, अवैध खनन और एम फार्म के अतिरिक्त पैसे वसूलने की शिकायत जिलाधीश और मंत्री के समक्ष रखी गई।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कुल्लू और बंजार आदि स्थानों में आनी की अपेक्षा बजरी 10 रुपये और रेत 6.8 रुपये तक सस्ता दिया जा रहा है, वहीं आनी उपमंडल के तहत आने वाले स्टोन क्रेशर में मनमाने दामों पर बजरी और रेत बेचा जा रहा है। क्षेत्र की जनता ने जनमंच में सहकारिता मंत्री राजीव सहजल और जिलाधीश कुल्लू से मांग की है कि इसकी जांच की जाए और सरकार द्वारा जिला कुल्लू के अन्य स्थानों में तय दामों पर ही रेत और बजरी बेची जाए।
जिलाधीश कुल्लू यूनुस ने कहा कि एसडीएम, डीएसपी आनी और खनन अधिकारी को तुरंत मौके पर जांच करने और दाम तय कर रिपोर्ट पेश करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में जिला खनन अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि एम फार्म स्टोन क्रेशर मालिक को समय-समय पर दिए जा रहे हैं, जो स्टोन क्रेशर मालिक की ओर से खरीदार को बिना शुल्क के दिए जाने चाहिए। अवैध खनन की जो शिकायत है, उसकी जल्द जांच की जाएगी।