अमर उजाला ब्यूरो
डंसा (रामपुर बुशहर)।
रामपुर विकास खंड की कई पंचायतों में शुक्रवार शाम को तूफान ने बिजली लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया है। रामपुर खंड की देवठी, कूहल, मुनिश और काशापाट पंचायत में बीते शुक्रवार शाम चार बजे से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को परेशानी हो रही है। बिजली आपूर्ति ठप होने से एक ओर जहां लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रही हैं, वहीं विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में मुश्किल हो रही है।
क्षेत्र के कमल, मोहन नेगी, किशोरी लाल, गोविंद कायथ, चत्तर सिंह खाची, हिम्मत सिंह मसोई, जगत मोसाई सहित हजारों उपभोक्ताओं ने विद्युत बोर्ड से जल्द विद्युत आपूर्ति में सुधार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही लोगों को विद्युत आपूर्ति मुहैया नहीं करवाई जाती तो वे बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। विद्युत बोर्ड रामपुर के अधिशासी अभियंता वरुण शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम भारी बारिश और तूफान के चलते बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थी। विद्युत बोर्ड के कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं। देवठी पंचायत में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। अन्य पंचायतों में भी जल्द ही बिजली बहाल कर दी जाएगी।