अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू।
दूरदराज क्षेत्र डोडरा क्वार की पांच पंचायतों को जोड़ने वाली सड़क हिमपात के चार महीने बाद भी वाहनों के लिए नहीं खुली है। क्षेत्र के लोगों को पूरा दिन पैदल सफर करने के बाद घर पहुंचाना पड़ रहा है। लोनिवि की ओर से अभी तक सड़क को वाहनों के लिए नहीं खोला गया है।
डोडरा क्वार क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क नवंबर महीने में हिमपात के बाद वाहनों के लिए बंद हो चुकी है। इसके बाद लोनिवि ने सड़क को खोलने का काम जरूर शुरू किया पर बार-बार मौसम खराब होने के कारण चांशल घाटी में सड़क नहीं खुल सकी। डोडरा पंचायत के पूर्व प्रधान राजेश ने बताया कि क्षेत्र में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में सबसे बड़ी परेशानी हो रही है। सड़क बंद होने के बाद इस क्षेत्र के लिए आपात स्थिति में आवाजाही का विकल्प नहीं है। खास कर गर्भवती महिलाएं व मरीजों को आपात स्थिति में वाया उत्तराखंड पीठ पर उठा कर अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है। क्षेत्र के निवासी पदम देव, राकेश, भीम सिंह, चंद्र सैन ने सरकार से मांग की है कि सड़क को जल्द बहाल किया जाए।
साल में सात माह ही खुलती है सड़क
सड़क बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। इसके बाद भी पांच पंचायत के लोगों को एक साल में छह से सात महीने की इसका लाभ मिलता है। हिमपात और बरसात के दौरान सड़क कई महीने के लिए बंद हो जाती है।
एक सप्ताह में बहाल होगी सड़क : विवेक
लोनिवि के एक्सईएन विवेक शर्मा ने कहा कि डोडरा क्वार सड़क से बर्फ हटाने का काम चल रहा है। चांशल घाटी पर बार-बार बर्फ गिरने से सड़क बहाली में समय लग रहा है। एक सप्ताह के भीतर सड़क को वाहनों के लिए खोलने की कोशिश की जा रही है।