सुभाष सेन
रामपुर बुशहर।
कस्बे के चौधरी अड्डे में नगर परिषद ने एनएच की भूमि पर अवैध कब्जा कर वर्षों से पार्किंग चलाई है। इस पार्किंग से वसूली जा रही फीस नगर परिषद की आमदन बढ़ा रही है। लेकिन एनएच की भूमि पर किया कब्जा कई सवाल खड़े कर रहा है।
जबसे पुराना बस अड्डा चौधरी अड्डे में स्थानांतरित हुआ है तब से पार्किंग के कारण एनएच पर जाम लग रहा है। इसके बावजूद नप अपने फायदे के चक्कर में लोगों की राहत के लिए फिलहाल कोई कदम नहीं उठा रहा है। स्थानीय प्रशासन और एनएच प्राधिकरण की अनुमति लिए बगैर नगर परिषद यहां करीब सात वर्षों से पार्किंग चला रहा है। ऐसे में नप की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। नेशनल हाईवे प्राधिकरण भी यहां से पार्किंग हटाने में नाकाम साबित हो रहा है। हालांकि स्थानीय प्रशासन की ओर से नप को करीब एक माह पहले पार्किंग को बंद कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए लेकिन नगर परिषद के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
गौरतलब है कि कई सात वर्षों से एनएच पांच के चौधरी अड्डा में नगर परिषद ने पार्किंग बनाई हुई है। नेशनल हाईवे प्राधिकरण की जमीन पर कब्जा कर नप अच्छी खासी कमाई कर रहा है, लेकिन पार्किंग लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी है।
एसडीएम रामपुर डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि नगर परिषद को चौधरी अड्डा से पार्किंग हटाने के बारे में एक महीने पहले नोटिस जारी किया गया था, जिसका अभी तक जवाब नहीं आया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को इस बारे फिर नोटिस जारी कर जवाब तलबी की जाएगी।
आचार संहिता के कारण कार्यवाही रुकी
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि नप को एसडीएम का नोटिस मिला है। कोड ऑफ कंडक्ट के चलते कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। नप के हाउस में पार्किंग को खाली करने या न करने पर चर्चा की जाएगी।
एनएच प्राधिकरण के एक्सईएन पासंग नेगी ने कहा कि वर्षों से नगर परिषद एनएच की भूमि पर अवैध कब्जा कर कमाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि नप को जल्द जमीन खाली करने बारे नोटिस जारी किया जाएगा।