सांगला (किन्नौर)। रिकांगपिओ पुलिस ने शनिवार रात नेशनल हाईवे पांच रल्ली पुल के पास चेकिंग के दौरान वेगनआर से 24 बोतलें अंग्रेजी शराब की बरामद कीं। दूसरे मामले में रविवार दोपहर पुलिस ने पांगी बस अड्डे पर ढाबे में छापा मारकर तीन लोगों को जुआ खेलते हुए दबोचा है। पुलिस ने मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शनिवार देर शाम रिकांगपिओ के थाना प्रभारी पद्म सिंह, एएसआई नरेंद्र कुमार कौंडल, मुख्य आरक्षी कुलदीप डोगरा, आरक्षी विशाल, महिला आरक्षी संगीता एनएच पांच रल्ली के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान वेगनआर डीएल8सीक्यू 1201 को तलाशी के लिए रोका। इस बीच कार से 24 बोतलें अंग्रेजी की बरामद कीं। पुलिस ने वाहन चालक बलविंद्र सिंह नेगी, निवासी किन्नौर के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी एवं कराधान अधिनियम की धारा 39-1ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में रिकांगपिओ पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पांगी बस अड्डे में एक ढाबे में जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते की पुलिस की टीम एएसआई नरेंद्र कुमार कौंडल की अगुवाई में मुख्य आरक्षी कुलदीप डोगरा, अश्वनी कुमार, विशाल और कपिल देव मौके पर पहुंचे। उन्होंने ढाबे में जुआ खेलते हुए तीन स्थानीय लोगों को दबोचा। पुलिस ने तीनों से 17540 रुपये की नकदी भी बरामद की। पुलिस ने तीनों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी किन्नौर विपिन कुमार ने बताया कि एक मामले में 24 बोतलें अवैध शराब और दूसरे मामले में जुआ खेलते हुए तीन लोगों को दबोचा है। पुलिस अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शेगी।