रामपुर बुशहर। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिगड़ रही ट्रैफिक व्यवस्था जल्द सुधरेगी। रामपुर में आरटीओ ने आते ही ट्रैफिक को सुधारने का काम शुरू कर दिया है। आरटीओ कृष्णा नेगी ने एक सप्ताह में अवैध और नियमों को ताक पर रखकर दौड़ने वालों कई वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें बांड कर दिया है। आरटीओ की कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में भी हड़कंप है।
आरटीओ ने ऑटो चालकों को चेताया है कि रोजगार योजना के तहत केवल एक ऑटो मालिक एक ही ऑटो चला पाएगा, जबकि रामपुर क्षेत्र में एक ही व्यक्ति के नाम पर कई ऑटो दौड़ रहे हैं, जो कि नियमों का सरेआम उल्लंघन है। ऐसे चालकों को आरटीओ ने सख्त हिदायत दी है कि वे केवल एक ही ऑटो चलाएं। आरटीओ ने बिना लाइसेंस, आरसी, इंश्योरेंस और फिटनेस के दौड़ रहे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की है। बीते दिनों आरटीओ ने करीब एक दर्जन वाहनों को नियमों की अवहेलना करने पर बांड कर खासा जुर्माना किया है। इनमें से कई वाहनों को छुड़ा लिया। हालांकि बीते दिनों ऑटो चालक आरटीओ से मिलने पहुंचे और एक से अधिक ऑटो चलाने की बात कही थी। लेकिन आरटीओ ने उन्हें वापस भेज दिया और एक ही व्यक्ति को एक ऑटो चलाने की अनुमति का हवाला देते हुए कार्रवाई करने के बारे में चेताया। शहर में करीब चार दर्जन से अधिक अवैध ऑटो दौड़ रहे हैं, जिन पर आरटीओ जल्द ही कड़ी कार्रवाई कर सकता है। इसके अलावा आरटीओ ने रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे शिक्षण संस्थानों को चेताया है कि उनके संस्थान में चल रहे वाहनों की सभी औपचारिकताएं पूरी करें वरना उन पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रामपुर कृष्णा नेगी ने कहा कि रामपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए विशेष मुहिम छेड़ी जाएगी। साथ ही उन्होंने शिक्षण संस्थानों के वाहनों को भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने की बात कही।