एमसी रोहड़ू की टीम ने जीता मैच
अब क्वार्टर फाइनल में चौपाल से भिड़ेगी टीम
विपुल चोपड़ा ने दिया 69 रनों का योगदान
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। विधानसभा क्षेत्र रोहड़ू की टी-20 क्रिकेट स्पर्धा में एमसी रोहड़ू की टीम विजयी रही है। रोहड़ू टीम अब जिला स्तर पर होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में प्रवेश कर गई है। रोहड़ू का पहला क्वार्टर फाइनल मैच कल चौपाल के साथ खेला जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस मंडल रोहड़ू के अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित रहे।
एसोसिएशन के प्रवक्ता सुशील चौहान ने बताया कि टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में विधानसभा स्तर पर रोहड़ू में फाइनल मुकाबला चिड़गांव और एमसी रोहड़ू के मध्य खेला गया। जिसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमसी रोहड़ू की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 152 रन बनाए। रोहड़ू की ओर से विपुल चोपड़ा ने सर्वाधिक 69 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चिड़गांव की टीम 115 रनों पर ढेर हो गई। रोहड़ू ने चिड़गांव को 37 रनों हराकर ट्रॉफी पर अपना कब्जा किया। अब रोहड़ू की टीम जिला स्तरीय क्वार्टर फाइनल मुकाबले में प्रवेश कर गई है। तीन नवंबर को इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम में क्वाटर फाइनल मैच रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र और चौपाल विधानसभा क्षेत्र के मध्य खेला जाएगा। इस मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, कांग्रेस मंडल महासचिव सोहन लाल चौहान, पंचायत समिति उपाध्यक्ष हरिचंद, एचपीएससीईए रोहड़ू जोन अध्यक्ष कुलदीप चौहान, महासचिव विक्रम सैन नेगी सहित एसोसिएशन के सभी सदस्य उपस्थित रहे।