कोटखाई।
थरोला पंचायत के पडारा गांव में लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। आईपीएच विभाग की पाइपों में पानी न आने से लोगों को दूर से पानी ढोने को मजबूर होना पड़ रहा है। तीसरे दिन नलों से पानी की बूंदें ही टपकीं।
पडारा गांव में करीब एक दर्जन घरों में लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की ओर से गांव में लिए कुपडी नाला पडारा उठाऊ पेयजल योजना बनाई गई है। पहले लोगों को तीसरे दिन पानी मिल रहा था। अब करीब एक महीने से लोगों के घरों में तीसरे दिन पानी की कुछ बूंदें ही टपक रही हैं। लोगों को पीने के लिए पानी दूर से ढोना पड़ रहा है। ग्रामवासी बिशन चौहान, राजेश चौहान, सुरेश चौहान, सोहन लाल, संजीव, बलबीर, प्रेम, प्रदीप, महेंद्र सिंह, अरुण ने बताया कि आईपीएच विभाग के लाइन पर तैनात कर्मचारियाें की मनमानी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा उठाऊ पेयजल योजना में पर्याप्त पानी होने के बाद करीब एक दर्जन घरों में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने आईपीएच विभाग के उच्च अधिकारियोें से फील्ड स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है।
आईपीएच के एसडीओ सुरेेंद्र ठाकुर ने कहा अभी तक मामला उनकी जानकारी में नहीं था। उन्होंने कहा कर्मचारियों को पडारा गांव में पेयजल समस्या के समाधान के आदेश कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा फील्ड स्टाफ को डे बुक दी गई है। पानी मिलने पर ही लोग उसमें हस्ताक्षर करें।