सांगला (किन्नौर)। सांगला तहसील में अगर भारी बर्फबारी हुई तो रक्षम से लेकर छितकुल के बीच विद्युत बोर्ड के कई खंभे कभी भी गिर सकते हैं। इससे करीब 1100 की आबादी के साथ-साथ 50वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवानों को मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है। इस समस्या को लेकर छितकुल के लोगों ने कई बार बिजली बोर्ड को अवगत करवाया। लेकिन बिजली बोर्ड रक्षम से लेकर छितकुल तक विद्युत लाइनों की मरम्मत नहीं कर रहा है।
छितकुल के पूर्व प्रधान मुकेश नेगी, वर्तमान उप प्रधान अरविंद नेगी, कारू कल्ब अध्यक्ष राजू नेगी, विद्या भूषण नेगी, नेहर नेगी, सुनील नेगी, सुशील, सागर नेगी, रंजीत नेगी और अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द विद्युत लाइनों की मरम्मत नहीं की तो बिजली बोर्ड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने मांग की है जल्द से जल्द बर्फबारी होने से पहले इन लाइनों को ठीक करें। उधर, बिजली बोर्ड सांगला के एसडीओ विपिन नेगी ने बताया कि बर्फ पड़ने पर कई खंभे गिर सकते हैं। रक्षम से लेकर छितकुल तक विद्युत लाइनों की मरम्मत के लिए टेंडर कर दिए थे। लेकिन निजी ठेकेदार की ओर से काम नहीं किया जा रहा है। ठेकेदार को जल्द कार्य शुरू करने का दो बार नोटिस जारी किया है। लेकिन 19 दिसंबर तक आचार संहिता के कारण टेंडर रद्द कर दूसरे को नहीं दिया जा सकता हैं। आचार संहिता हटते ही लाइन ठीक की जाएगी।